कोण्डागांव में भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार युवक की मौके पर मौत

कोण्डागांव, 6 जून 2025: जिले के नेशनल हाईवे पर आज दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह भीषण दुर्घटना कोण्डागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत दूधगांव के पास स्थित बस्तरिया ढाबा के सामने घटी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक युवक गणेशराम कोर्राम, जो फरसगांव थाना क्षेत्र के चारकाई भांडारसिवनी गांव का निवासी था, अपनी मोटरसाइकिल से जगदलपुर से कोण्डागांव की ओर जा रहा था। उसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उसे टक्कर मार दी। आमने-सामने की इस टक्कर में गणेशराम कोर्राम को गंभीर चोटें आईं और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही कोण्डागांव पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और कार चालक से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह हादसा एक बार फिर से तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरनाक परिणामों को उजागर करता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में यातायात नियंत्रण के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की है।

Related Post