बिलासपुर जोन स्तरीय विज्ञान सेमिनार में GPM की अंशिका और अंजलि ने किया जिले का प्रतिनिधित्व

Uploaded Image

पेंड्रा। बिलासपुर जोन स्तरीय राष्ट्रीय विज्ञान सेमिनार 2026 में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। जिला स्तर पर चयनित अंशिका गौतम एवं अंजलि चौधरी ने बिलासपुर जोन में जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए “भारतीय ऊर्जा परिदृश्य 2047 : संभावनाएँ एवं चुनौतियाँ” विषय पर अपनी प्रस्तुति दी।

 

अंशिका गौतम शासकीय हाई स्कूल बचरवार तथा अंजलि चौधरी शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सरकारीपारा, पेंड्रा की छात्रा हैं। दोनों छात्राओं ने भारत की वर्तमान ऊर्जा स्थिति, बढ़ती ऊर्जा मांग, नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों, सौर एवं पवन ऊर्जा, ऊर्जा संरक्षण तथा वर्ष 2047 तक भारत की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने की संभावनाओं पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

 

प्रतिभागियों के मार्गदर्शक शिक्षक अभिषेक कुमार शर्मा एवं भारती जायसवाल, व्याख्याता रहे। शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने विषय से संबंधित आंकड़ों, तथ्यों एवं विभिन्न ऊर्जा स्रोतों का अध्ययन कर प्रभावी प्रस्तुति तैयार की।

जोन स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करना विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि एवं सीखने का अवसर रहा। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक चिंतन, शोध भावना तथा सार्वजनिक मंच पर अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का आत्मविश्वास विकसित होता है।

जिला शिक्षा विभाग एवं संबंधित विद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षकों ने दोनों प्रतिभागियों को जोन स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करने के लिए शुभकामनाएँ दीं तथा भविष्य में भी विज्ञान एवं नवाचार से जुड़े आयोजनों में विद्यार्थियों की सहभागिता को प्रोत्साहित करने की बात कही।

Related Post