रोजगारी पारा में गंदगी के बीच संचालित हो रही सरकारी राशन दुकान, हितग्राही मजबूरी में आने को विवश

कोंडागांव, 18 जून 2025: नगर के रोजगारी पारा स्थित उचित मूल्य की सरकारी राशन दुकान इन दिनों गंदगी, दुर्गंध और अव्यवस्था की चपेट में है। इस दुकान पर राशन लेने आने वाले हितग्राहियों को न सिर्फ अस्वच्छ माहौल से दो-चार होना पड़ रहा है, बल्कि मच्छरों व संक्रमण का भी खतरा मंडरा रहा है।

 

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि दुकान के आसपास गंदा पानी जमा है और जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं, जिससे भारी दुर्गंध और मच्छरों का आतंक बना हुआ है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि कई बार नगर पालिका और संबंधित विभाग को शिकायत दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

 

स्थानीय निवासी मोहम्मद सुल्तान अली ने बुधवार को बताया, "राशन तो जरूरी है, लेकिन यहां आना भी किसी सजा से कम नहीं लगता। बच्चों और बुजुर्गों को लेकर आना सबसे कठिन होता है।"

 

इस संबंध में जब संवाददाता ने नगर पालिका अधिकारी से बात की, तो उन्होंने जानकारी दी कि जल्द ही क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया जाएगा। साथ ही राशन दुकान की स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

 

नागरिकों की मांग है कि राशन जैसी आवश्यक सेवा से जुड़ी दुकानों के आसपास साफ-सफाई, हाइजीन और सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए, जिससे आमजन को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में सेवा मिल सके।

Related Post