गाजीपुर- शादियाबाद मार्केट में जीएसटी चोरी का बड़ा खेल! लाखों के सर्राफा कारोबार पर उठे सवाल

Anp News Live गाज़ीपुर। शादियाबाद क्षेत्र स्थित मार्केट में सर्राफा कारोबार को लेकर बड़ा मामला सामने आ रहा है। सूत्रों की माने तो कई सर्राफा व्यवसायी बिना जीएसटी बिल के ही खुलेआम कारोबार कर रहे हैं। जिससे सरकार को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान पहुंच रहा है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बाजार में सोना-चांदी की खरीदारी करने वाले ग्राहकों से भारी रकम वसूली जा रही है, लेकिन उन्हें वैध जीएसटी बिल उपलब्ध नहीं कराया जा रहा। इससे न केवल टैक्स चोरी की आशंका गहरा रही है, बल्कि उपभोक्ताओं के हितों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। बिना बिल खरीदारी करने वाले ग्राहकों को भविष्य में गुणवत्ता, शुद्धता और कानूनी दावों को लेकर परेशानी उठानी पड़ सकती है।

क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि स्थानीय मार्केट में लंबे समय से यह खेल चल रहा है। लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। व्यापारियों द्वारा कथित रूप से कैश लेन-देन कर टैक्स व्यवस्था को दरकिनार किए जाने की चर्चा बाजार में आम है।

जानकारों का मानना है कि यदि इन कारोबारियों के खातों और लेन-देन की गहन जांच की जाए तो बड़े पैमाने पर जीएसटी और आयकर चोरी का खुलासा हो सकता है। ऐसे में विभागीय निगरानी और कार्रवाई पर भी सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और कर विभाग से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी व्यापारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी राजस्व की चोरी रोकी जा सके और ग्राहकों के हित सुरक्षित रह सकें।

अब सभी की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं कि आखिर इस कथित टैक्स चोरी के नेटवर्क पर कब और कैसे शिकंजा कसा जाता है।

Related Post