रायगढ़-मुंबई से हावड़ा जाने वाली आजाद हिंद एक्सप्रेस के जनरल बोगी में बुधवार शाम अचानक आग लगने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल ट्रेन को आपात स्थिति में रोक दिया गया और रेलवे की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी भी यात्री के घायल होने या किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
मिली जानकारी के अनुसार आजाद हिंद एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से विलंब से चल रही थी। बुधवार शाम करीब 8 बजे जैसे ही ट्रेन भूपदेवपुर स्टेशन से आगे बढ़ी, उसी दौरान जनरल कोच में स्थित इलेक्ट्रिक बोर्ड के पास से अचानक धुआं निकलने लगा। धुआं देखते ही बोगी में मौजूद यात्रियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। यात्रियों की सतर्कता के चलते तत्काल इसकी सूचना ट्रेन में मौजूद टीटीई को दी गई।
सूचना मिलते ही ट्रेन को भूपदेवपुर और किरोड़ीमल नगर स्टेशन के बीच आपातकालीन रूप से रोक दिया गया। इसके बाद रेलवे अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई। सूचना पर रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इस दौरान ट्रेन करीब आधे घंटे तक मौके पर खड़ी रही।
आग बुझने के बाद जब ट्रेन रायगढ़ स्टेशन पहुंची, तो रेलवे अधिकारियों के साथ आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने भी मामले की जांच की। जांच में सामने आया कि जनरल बोगी के इलेक्ट्रिक वायर में तकनीकी खराबी के कारण आग लगी थी, जिससे धुआं निकल रहा था। सुधार कार्य पूरा करने और स्थिति सामान्य होने के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।
यात्रियों में मचा हड़कंप
घटना के दौरान जनरल बोगी में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यात्रियों का कहना था कि यदि समय रहते धुआं नहीं देखा जाता और ट्रेन को नहीं रोका जाता, तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। यात्रियों ने रेलवे कर्मचारियों की तत्परता की सराहना की, जिससे स्थिति को जल्द ही नियंत्रण में ले लिया गया।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी तरह की असामान्य स्थिति दिखाई देने पर तुरंत रेलवे कर्मचारियों को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
