बेटे की मौत का सदमा नहीं सह पाया पिता, दुर्गा मंदिर में काट ली अपनी जीभ

रायगढ़। बेटे की अचानक मौत से टूटे एक पिता ने ऐसा कदम उठा लिया, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। घरघोड़ा क्षेत्र में 8 वर्षीय मासूम की मौत के बाद सदमे में आए पिता ने भोर में दुर्गा मंदिर पहुंचकर अपनी ही जीभ काट ली। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार जारी है और अब उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

 

मिली जानकारी के अनुसार घरघोड़ा थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-5 स्थित एफसीआई गोदाम के पास रहने वाले सनत कुमार खांडे के 8 वर्षीय पुत्र रितेश कुमार की बुधवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल घरघोड़ा अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्चे की हालत गंभीर बताते हुए उसे रायगढ़ रेफर करने की सलाह दी।

 

इसी दौरान सनत कुमार आवश्यक दस्तावेज और आधार कार्ड लेने घर गया था। जब वह वापस अस्पताल पहुंचा, तब तक उसके बेटे रितेश की मौत हो चुकी थी। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में मातम छा गया। पिता सनत कुमार इस घटना से गहरे सदमे में चला गया और पूरी रात मानसिक तनाव में रहा।

 

बताया जा रहा है कि गुरुवार तड़के करीब 3 बजे वह घर से निकलकर छाल रोड स्थित दुर्गा मंदिर पहुंचा। वहां भावनात्मक आघात में उसने अपनी जीभ काट ली। अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण वह मंदिर परिसर में ही बेहोश होकर गिर पड़ा।

 

सुबह मंदिर पहुंचे लोगों ने उसे अचेत अवस्था में देखा और तत्काल परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

Related Post