महराजगंज चौक बाजार
सोशल मीडिया की मदद से 4 वर्षीय बच्ची का मिला परिवार,चौक पुलिस की मानवीय पहल बनी मिसाल
Chauk Bazar, Maharajganj : मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत चौक पुलिस की सक्रियता और संवेदनशील कार्यशैली के चलते एक चार वर्षीय गुमशुदा बालिका को सकुशल उसके परिजनों से मिलवा दिया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग से मासूम बच्ची कुछ ही घंटों में अपनी मां की गोद तक पहुंच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार को मिशन शक्ति टीम की सदस्य महिला उपनिरीक्षक रेखा वर्मा, हेड कांस्टेबल अखिलेश यादव एवं महिला कांस्टेबल अंजली भारती क्षेत्र में भ्रमण एवं ड्यूटी पर थीं। इसी दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम भगवानपुर उर्फ भलुआ में लगभग चार वर्ष की एक बच्ची अपने परिजनों से बिछड़कर इधर-उधर भटक रही है।
सूचना मिलते ही मिशन शक्ति टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित संरक्षण में लिया। पुलिस ने बच्ची से उसके परिजनों के बारे में जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन कम उम्र होने के कारण वह अपना नाम-पता स्पष्ट रूप से नहीं बता सकी। इसके बाद पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए सोशल मीडिया तथा क्षेत्रीय लोगों की मदद से बच्ची की पहचान और उसके परिजनों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस के प्रयास रंग लाए और सूचना बच्ची के परिजनों तक पहुंच गई। कुछ ही समय बाद उसकी मां विनिता देवी और अन्य परिजन थाना पहुंचे। बच्ची ने अपनी मां को पहचान लिया, वहीं मां ने भी बच्ची की पुष्टि की। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने बच्ची को सकुशल उसकी मां के सुपुर्द कर दिया। बेटी को सुरक्षित पाकर परिजनों के चेहरे खिल उठे। उन्होंने चौक पुलिस और मिशन शक्ति टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस की तत्परता के कारण उनकी बच्ची सुरक्षित वापस मिल सकी।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल….
महिला उपनिरीक्षक रेखा वर्मा
हेड कांस्टेबल अखिलेश यादव
महिला कांस्टेबल अंजली भारती
