बरसात में एराव नदी पुलिया बनी जीवन-मरण का सवाल, स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर संकट
प्रतापगढ़ ज़िले के पीपलखुट उपखंड क्षेत्र में बरसात का मौसम ग्रामीणों और स्कूली बच्चों के लिए खतरा लेकर आता है। ग्राम पंचायत बावड़ी से घंटाली को जोड़ने वाली एराव नदी की रपट पुलिया इन दिनों ग्रामीणों के लिए जानलेवा साबित हो रही है।
सरपंच प्रतिनिधि खाटू राम महिडा का कहना है कि यह पुलिया एक दर्जन से अधिक गांवों की जीवन रेखा है। रोज़ाना हजारों लोग इसी मार्ग से आवाजाही करते हैं, लेकिन भारी बारिश में पुलिया पर पानी चढ़ जाने से बच्चों और ग्रामीणों को मजबूरी में जोखिम उठाकर नदी पार करनी पड़ती है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार विद्यार्थी और आमजन नदी के तेज बहाव में उतरकर स्कूल या काम पर जाते हैं। इससे हादसे की आशंका बनी रहती है और लोग भय के साये में जी रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि इस पुलिया को ऊंचा और चौड़ा किया जाए, ताकि बरसात में सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हो सके। यह केवल सुविधा नहीं, बल्कि बच्चों और आमजन की ज़िंदगी से जुड़ा सवाल है
