भाजपा संगठन बैठक में जोश: बूथ मजबूत करने और जनसंपर्क बढ़ाने पर जोर

Anp News Live, Korba भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा की मासिक जिला संगठन बैठक सोमवार को टीपी नगर स्थित पंडित दीनदयाल कुंज कार्यालय में उत्साह और संगठनात्मक ऊर्जा के साथ संपन्न हुई। बैठक में लखनलाल देवांगन एवं भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी की उपस्थिति ने कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भर दिया।

बैठक की शुरुआत दीप प्रज्वलन और अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इस दौरान संगठन विस्तार, आगामी अभियानों की रणनीति, बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने, जनसंपर्क अभियान और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण के कारण बनी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों में पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया।

वहीं जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि भाजपा संगठन लगातार बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रहा है। उन्होंने मंडल और मोर्चा पदाधिकारियों से संगठनात्मक गतिविधियों को और तेज करने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की असली ताकत है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।

जिला प्रभारी अनिल केसरवानी ने संगठनात्मक अनुशासन और नियमित जनसंपर्क अभियान को भाजपा की ताकत बताया। उन्होंने बूथ समितियों को और अधिक सक्रिय बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

जिला सह प्रभारी ब्रजेन्द्र शुक्ला ने कहा कि संगठन की मजबूती लगातार संवाद और कार्यकर्ताओं की सक्रियता से आती है। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का संदेश दिया।

बैठक में प्रदेश सदस्य अशोक चावलानी, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, जिला महामंत्री संजय शर्मा, अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, जिला उपाध्यक्ष मंजू सिंह, प्रफुल्ल तिवारी, एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक के अंत में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी अभियानों के लिए जिम्मेदारियां तय की गईं और भाजपा को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।

Related Post