टोकन नहीं कटने से ग्राम बवई में आक्रोशित किसानों ने किया चक्का जाम, लिमिट बढ़ाने की मांग को लेकर सड़क पर उतरे किसान

कोंडागांव, 17 दिसंबर 2025 | कोंडागांव जिले के माकड़ी ब्लॉक अंतर्गत धान खरीदी केंद्र बवई में अव्यवस्थाओं से नाराज किसानों ने आज बुधवार को सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि धान बिक्री के लिए टोकन नहीं काटे जा रहे हैं, जिससे वे मजबूरी में सड़क पर उतरने को विवश हुए। प्रदर्शन कर रहे किसान धान खरीदी की लिमिट बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

Uploaded Image

किसानों का कहना है कि बवई धान उपार्जन केंद्र जिले का सबसे बड़ा खरीदी केंद्र माना जाता है। पिछले वर्ष इसी केंद्र से 70 हजार क्विंटल से अधिक धान की खरीदी हुई थी, जबकि इस वर्ष एक माह बीत जाने के बाद भी अब तक 15 हजार क्विंटल से भी कम धान की खरीदी हो पाई है। इससे किसानों में भारी असंतोष व्याप्त है।

Uploaded Image

सड़क जाम की सूचना मिलते ही माकड़ी थाना प्रभारी और तहसीलदार मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, किसान अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।

 

प्रदर्शन कर रहे किसानों ने आरोप लगाया कि इतने बड़े धान खरीदी केंद्र होने के बावजूद कलेक्टर द्वारा अब तक एक बार भी क्षेत्र का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा नहीं लिया गया, जिससे किसानों में रोष और बढ़ गया है। किसानों का कहना है कि वे पहले ही ज्ञापन के माध्यम से लिमिट बढ़ाने की मांग कलेक्टर को सौंप चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

 

किसानों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक अमला मामले को शांतिपूर्वक सुलझाने में जुटा हुआ है।

Related Post