बहराइच विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश, आत्मनिर्भर भारत-आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश शताब्दी संकल्प/2047 के लिए कार्ययोजना तैयार किये जाने के उद्देश्य से सेवानिवृत्त आई.एफ.एस. कार्तिक कुमार सिंह व से.नि. मुख्य अभियन्ता सिंचाई मन्साराम शुक्ला, प्रोफेसर लखनऊ विश्वविद्यालय अभिषेक कुमार तिवारी व वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष आचार्य नरेन्द्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या डॉ. सी.पी.एन. गौतम के पैनल ने वन, भूमि, व्यवसाय, पशुधन, शिक्षा, महिला कल्याण, बाल विकास, समाज कल्याण, दिव्यांगजन, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, निर्माण, प्राविधिक शिक्षा, व्यावसासिक शिक्षा, कौशल विकास व राज्य मार्ग से सम्बन्धित अधिकारियों, एन.जी.ओ., उद्यमियों, एफपीओ, स्वयं सहायता समूह की महिलाओ व अन्य सम्बन्धित के साथ विकास भवन सभागार में संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र ने बताया कि मा. प्रधान मंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का विजन है कि वर्ष 2047 तक आजादी के 100 वर्ष पूर्ण होने पर भारत विकसित देश हो और सभी क्षेत्रों में राष्ट्र सशक्त हो। विकसित राष्ट्र की परिकल्पना तभी पूर्ण होगी ज़ब विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित बहराइच होगा। इसी विजन को पूरा करने के लिए विजन डॉक्यूमेंट 2047 का निर्माण किया जाना है। इसके लिए हर परिवार सीधे सरकार तक अपने सुझाव दे सकते हैं। आकांक्षी जनपद के विकास हेतु इच्छुक व्यक्ति अपने महत्वपूर्ण सुझाव क्यू आर कोड अथवा समर्थउत्तरप्रदेश डाट यूपी डाट जीओवी डाट इन के माध्यम से उपलब्ध करा सकते हैं। चयनित सुझावों को जनपद/प्रदेश स्तर पर पुरस्कृत भी किया जाएगा।
पैनल के अधिकारियों ने बताया कि विकसित उत्तर प्रदेश-2047 की कार्ययोजना तैयार करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण 12 सेक्टरों संतुलित विकास, सामाजिक सुरक्षा एवं गरीब कल्याण, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा, शिक्षा एवं कौशल विकास, आर्थिक समृद्धि, कृषि विकास, पशुधन, औद्योगिक विकास, आईटी एवं इलेक्ट्रानिक्स, पर्यटन विकास, नगर विकास एवं अवस्थापना विकास का चयन किया गया है। जनभागीदारी से विजन डॉक्यूमेंट 2047 का निर्माण करने के उद्देश्य से 500 से अधिक विषय-विशेषज्ञों सेवानिवृत्त आईएएस, आईपीएस, वैज्ञानिक, कुलपति एवं प्रोफेसर्स, चिकित्सक, सेक्टोरल विशेषज्ञों का पैनल जिलों में संवाद के लिए जा रहे हैं।
अधिकारियों ने कहा कि विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश का सपना केवल सरकार का नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश का साझा लक्ष्य है। सरकार की कोई भी योजना तभी सफल होती है, जब जनता उसे विश्वास और सक्रिय सहभागिता के साथ आगे बढ़ाती है। विकसित उत्तर प्रदेश की परिकल्पना भी हर प्रदेशवासी के सहयोग से ही साकार होगी। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश उपाध्याय, उपायुक्त उद्योग केशव राम वर्मा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी घासीराम, उपायुक्त जीएसटी चन्द्रकेश गौतम सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
