कलेक्टर जन्मेजय महोबे के मार्गदर्शन में धरती आबा जनजातीय उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत जिले के तीन ग्रामों—पूछेली, गाड़ापाली और छीतापाली—में शासन की योजनाओं के प्रचार-प्रसार और जनजातीय समुदाय के सशक्तिकरण हेतु व्यापक शिविरों का आयोजन किया गया।
बम्हनीडीह विकासखंड के ग्राम पूछेली के दुर्गा चौक आंगनबाड़ी के पास, नवागढ़ विकासखंड के ग्राम गाड़ापाली के माता चौरा चौक में, बलौदा विकासखंड के ग्राम छीतापाली के गांधी चौक रंगमंच स्थल पर ये शिविर लगाए गए। शिविर का मुख्य उद्देश्य था – ग्रामीण एवं जनजातीय समुदाय की समस्याओं का मौके पर समाधान और शासन की योजनाओं का सीधा लाभ देना।
शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की मांगें सुनीं और संबंधित योजनाओं की जानकारी देते हुए कई पात्र हितग्राहियों को मौके पर लाभान्वित भी किया गया।
"एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत ग्रामीणों को पौधे वितरित किए गए, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ भावनात्मक जुड़ाव भी सुनिश्चित हो सके।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को उनके आवास की चाबियां सौंपी गईं, जिससे कई परिवारों को अपने सपनों का घर प्राप्त हुआ।
शिविर में निम्नलिखित योजनाओं हेतु आवेदन स्वीकारे गए व सेवाएं प्रदान की गईं
आधार कार्ड, राशन कार्ड, जाति/निवास प्रमाण पत्र
आयुष्मान भारत (PM-JAY), किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), पीएम किसान योजना
जनधन खाता, बीमा योजनाएं (PMJJBY, PMSBY)
पेंशन योजनाएं – वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग
रोजगार योजनाएं – MGNREGA, मुद्रा ऋण, पीएम विश्वकर्मा योजना
महिला एवं बाल कल्याण – PMMVY, ICDS योजनाएं, टीकाकरण आदि
शिविर में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग, जनपद पंचायत सीईओ, जनप्रतिनिधिगण और अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
अगला शिविर19 जून को
बलौदा विकासखंड के सतीगुड़ी और नवागांव के लिए नवधा चौक, नवागांव में तथा अकलतरा विकासखंड के कटघरी और बाना गांव के लिए ग्राम पंचायत भवन, कटघरी में शिविर का आयोजन होगा।
शासन की योजनाओं से जुड़ने और उनका लाभ उठाने के लिए ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की गई है।
