सेवा संकल्प अभियान के तहत विकसित भारत कार्यक्रम का आयोजन, छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में दिखाया हुनर

Uploaded Image

प्रयास कैवर्त/गौरेला पेंड्रा मरवाही

मरवाही। सेवा, समर्पण और संकल्प के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से देशभर में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार, 19 सितंबर 2026 को मरवाही विधानसभा क्षेत्र के ग्राम निमधा स्थित कन्या हाई स्कूल में ‘मेरा विकसित भारत’ संकुल स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य राजेश नंदनी आर्मो बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं।

कार्यक्रम में संकुल स्तर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्राथमिक/हाई स्कूल खुरपा, प्राथमिक/हाई स्कूल बँधोरी, प्राथमिक/हायर सेकेंडरी स्कूल निमधा, प्राथमिक/हाई स्कूल करसींवा सहित अन्य विद्यालयों के विद्यार्थियों ने चित्रकला, रंगोली, गीत, भाषण सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रथम एवं द्वितीय पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार मिलने पर विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सरपंच शकुंतला सिंदराम, उपसरपंच सरिता जायसवाल, नोडल अधिकारी संजय टांडिया, खुरपा हाई स्कूल की हेडमास्टर अनुराधा जायसवाल, व्याख्याता सुलेखा रानी ध्रुव, बँधोरी हाई स्कूल के सहायक शिक्षक सरजू ध्रुव, संकुल समन्वयक केंद्र निमधा नरेंद्रपाल पैकरा, हायर सेकेंडरी स्कूल निमधा से सीमा निषाद, पीटीई शिक्षक कपिल कलेरिया, प्राथमिक शाला निमधा के हेडमास्टर प्रदीप जायसवाल सहित शिक्षकगण, जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

25 वर्षों की सेवा और समर्पण को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य राजेश नंदनी आर्मो ने कहा कि “25 वर्षों की सेवा, समर्पण और संकल्प की अनगिनत कहानियां अब सेवा संकल्प के तहत आप तक पहुंचेंगी। यह सिर्फ एक कहानी नहीं, बल्कि 25 वर्षों का सफर है और यह सिर्फ एक सफर नहीं, सेवा का संकल्प है। इसकी शुरुआत हम सभी मिलकर अब एक त्योहार के रूप में कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलने के साथ-साथ सेवा, समर्पण और विकसित भारत के संकल्प से जुड़ने की प्रेरणा भी मिलती है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल रहा। छात्र-छात्राओं ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विकसित भारत के सपने और सेवा-संकल्प की भावना को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया।

Related Post