बाईपास खुला होने के बावजूद ट्रकों की शहर में एंट्री से युवक की मौत, प्रशासनिक लापरवाही पर उठे सवाल

कोंडागांव, 13 जुलाई 2025: कोंडागांव जिला मुख्यालय स्थित राममंदिर तालाब के पास शनिवार शाम को एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। हादसे की वजह एक भारी मालवाहक ट्रक बना, जो शहर के भीतर से गुजर रहा था—जबकि जगदलपुर से रायपुर जाने वाले ट्रकों के लिए चिखलपुटी बाईपास मार्ग अस्थायी रूप से खोला जा चुका है।

 

हादसे के बाद स्थानीय लोगों और राजनीतिक संगठनों में रोष फैल गया है। कांग्रेस कमेटी के जिला महामंत्री गीतेश गांधी ने रविवार शाम 5 बजे मीडिया को संबोधित करते हुए प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब बाईपास मार्ग चालू है, तब शहर के भीतर ट्रकों को प्रवेश देने का आदेश किसने और क्यों दिया?

 

स्थानीय प्रशासन की इस चूक से जहां एक युवक की जान चली गई, वहीं शहरवासियों की सुरक्षा पर भी बड़ा प्रश्नचिन्ह लग गया है। लोगों का कहना है कि यदि ट्रक बाईपास से ही भेजे जाते तो यह हादसा टल सकता था।

 

अब शहरवासी इस मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Related Post