कनकेश्वर धाम को पर्यटन स्थल घोषित करने की मांग, लिखा मुख्यमंत्री को पत्र

रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक फूलसिंह राठिया ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर कोरबा जिले के ग्राम पंचायत कनकी स्थित कनकेश्वर धाम शिव मंदिर को छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों की सूची में शामिल करने की मांग की है।

विधायक ने पत्र में उल्लेख किया है कि कनकेश्वर धाम पूरे प्रदेश में आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां प्रतिवर्ष महाशिवरात्रि पर सात दिवसीय भव्य मेला एवं सावन माह में एक माह का मेला आयोजित होता है। सावन के प्रत्येक सोमवार को लाखों की संख्या में श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ के दर्शन हेतु पहुंचते हैं।

उन्होंने बताया कि यह स्थान धार्मिक महत्व के साथ-साथ प्राकृतिक और पारिस्थितिकीय दृष्टि से भी विशेष है। यहां सारस प्रजाति के पक्षी और साइबेरिया से आने वाले जलकाक जून से दिसम्बर तक प्रजनन हेतु आते हैं। इसके अलावा हसदेव नदी के किनारे की प्राकृतिक सौंदर्यता के कारण हजारों लोग यहां पिकनिक मनाने आते हैं।

विधायक राठिया ने कहा कि कनकेश्वर धाम को छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थल का दर्जा मिलने से न केवल इस क्षेत्र का सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व बढ़ेगा, बल्कि पर्यटन विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

 

विधायक फूलसिंह राठिया ने उम्मीद जताई है कि मुख्यमंत्री इन जनहितैषी मांगों पर शीघ्र कार्यवाही करेंगे।

Related Post