डोराना एनीकट में बहता मिला युवक का शव, बारिश से उफान पर नदी-नाले, रेस्क्यू कर शव रखवाया मोर्चरी में 

डोराना एनीकट में बहता मिला युवक का शव, बारिश से उफान पर नदी-नाले,

रेस्क्यू कर शव रखवाया मोर्चरी में 

 

प्रतापगढ़ जिले में लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं और हालात खतरनाक बने हुए हैं। इसी बीच गुरुवार दोपहर को कोटड़ी थाना क्षेत्र की मोहेड़ा ग्राम पंचायत स्थित डोरना एनीकट में एक युवक का शव बहता हुआ दिखाई दिया। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।प्रत्यक्षदर्शी भूपेंद्र सिंह सिसौदिया के अनुसार, दोपहर करीब 3 बजे ग्रामीणों ने एनीकट में शव को बहते देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो गया।

Uploaded Image

 

सूचना मिलने पर कोटड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू टीम को बुलाकर अभियान शुरू किया। मोहेड़ा सरपंच प्रकाश मीणा भी घटनास्थल पर मौजूद रहे और ग्रामीणों के साथ मिलकर रेस्क्यू कार्य में सहयोग करते रहे। कड़ी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे गुरुवार को देर शाम 7 बजे जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है।

Uploaded Image

 

फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है। लगातार बारिश के कारण तेज बहाव और पानी का स्तर बढ़ने से स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिसके चलते प्रशासन अलर्ट मोड पर है।

 

थानाधिकारी हजारीलाल ने आमजन से अपील की है कि वे इस मौसम में नदी-नालों के किनारे न जाएं और न ही जोखिम उठाकर पानी पार करने का प्रयास करें। वहीं पुलिस ने भी चेतावनी दी है कि तेज बहाव के चलते कभी भी हादसा हो सकता है, इसलिए लोग अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें।

 

लगातार हो रही बारिश और इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण भी अब सतर्कता बरतने की सलाह दे रहे हैं। युवक की पहचान और मौत के कारणों की जांच की जा रही है।

Related Post