कोंडागांव, 22 जुलाई 2025: भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक लता उसेंडी ने आज कोंडागांव में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस पार्टी और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी पूरे प्रदेश में चैतन्य बघेल के समर्थन में प्रदर्शन कर रही है, जबकि उन्हें पार्टी में कोई पद ही नहीं प्राप्त है। इसे उन्होंने "पुत्र मोह की पराकाष्ठा" बताया।
लता उसेंडी ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश की जनता को गुमराह कर रही है और भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए कानून का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कोयला आवंटन, पेड़ों की कटाई और वन स्वीकृति जैसे मामलों में कांग्रेस बार-बार झूठ बोल रही है। दस्तावेज़ों के हवाले से उन्होंने बताया कि भूपेश सरकार ने ही इन परियोजनाओं के लिए सिफारिशें की थीं और पर्यावरण स्वीकृति भी दिलाई थी।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2010 में कांग्रेस की केंद्र सरकार ने हसदेव अरण्य क्षेत्र को 'नो-गो जोन' से हटाकर 'गो एरिया' घोषित किया था, जिससे खनन परियोजनाओं को रास्ता मिला। भूपेश सरकार ने 2019 से 2023 के बीच कई परियोजनाओं के लिए आगे बढ़कर अनुशंसा की, जिनमें गारे-पेलमा सेक्टर और महाजेंको कोलफील्ड प्रमुख हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुराने बयानों का हवाला देते हुए उन्होंने पूछा कि क्या कांग्रेस अब अपने निर्णयों के लिए माफी मांगेगी और क्या वे अब बिजली का उपयोग बंद करेंगे।
प्रेस वार्ता में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे, जिनमें जिलाध्यक्ष सेवक राम नेताम, दीपेश अरोरा, मनोज जैन, नरपति पटेल, जसकेतु उसेंडी, कुलवंत सिंह चहल, अश्वनी पांडे, ईना श्रीवास्तव, लक्ष्मी ध्रुव, प्रतोष त्रिपाठी सहित अन्य शामिल रहे।
