कलेक्टर ने व्यापम परीक्षाओं के पारदर्शी आयोजन हेतु दिए सख्त निर्देश सुरक्षा के कड़े इंतजाम : मेटल डिटेक्टर, जैमर और निगरानी दल तैनात

कोण्डागांव, 26 जुलाई 2025: आगामी 27 जुलाई को आयोजित आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर कोण्डागांव जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इस संबंध में आज जिला कार्यालय में कलेक्टर श्रीमती नुपुर राशि पन्ना की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित एवं पारदर्शी ढंग से आयोजित करने हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।

 

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री वाय अक्षय कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। हर केंद्र पर हैंडहेल्ड मेटल डिटेक्टर, मोबाइल जैमर और प्रशिक्षित निगरानी दल तैनात रहेंगे। कलेक्टर ने सख्त लहजे में कहा कि परीक्षा में किसी भी तरह की अनियमितता या नकल की कोई शिकायत नहीं आनी चाहिए।

 

18 परीक्षा केंद्र, 4620 अभ्यर्थी

 

नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर श्री किशोर शर्मा ने बताया कि जिले में 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें कुल 4620 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, आब्जर्वर, उड़नदस्ता और स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित की गई है।

 

सख्त प्रवेश नियम और ड्रेस कोड

 

परीक्षार्थियों को दो घंटे पहले, यानी परीक्षा से पूर्व कम से कम सुबह 8:30 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा।

 

10:30 बजे के बाद किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

 

परीक्षार्थियों को फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र (आधार, पैन, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस) के साथ प्रवेश पत्र लाना अनिवार्य है।

 

कोई भी छायाप्रति या डिजिटल दस्तावेज मान्य नहीं होगा।

 

 

ड्रेस कोड की अनिवार्यता

 

केवल हल्के रंग के आधी बाँह वाले कपड़े पहनने की अनुमति।

 

फुल स्लीव, जैकेट, कोट, टोपी, बेल्ट, जूते-मोज़े वर्जित।

 

केवल फ्लैट चप्पल या सैंडल की अनुमति।

 

कान में आभूषण, किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, पर्स, स्मार्टवॉच, मोबाइल फोन आदि परीक्षा केंद्र में पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे।

 

 

सख्त निगरानी और सुरक्षा

 

हर केंद्र में एक पुरुष और एक महिला पुलिसकर्मी अनिवार्य रूप से तैनात रहेंगे।

 

महिला अभ्यर्थियों की तलाशी केवल महिला पुलिसकर्मी द्वारा ही की जाएगी।

 

परीक्षा के दौरान पुलिसकर्मी गश्त करते रहेंगे, और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे।

 

 

उत्तर पुस्तिका संबंधी नियम

 

उत्तर लेखन हेतु केवल नीले या काले बाल प्वाइंट पेन की अनुमति।

 

अन्य रंग, पेंसिल या जेल पेन पर रोक।

 

 

कलेक्टर ने अंत में सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापम द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण परीक्षा का संचालन जिला प्रशासन की साख का विषय है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

इस बैठक में प्राचार्य डॉ. सरला आत्रम, सहायक नोडल अधिकारी एवं अन्य परीक्षा ड्यूटी में लगे अधिकारीगण उपस्थित थे।

Related Post