कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत एतमानगर में 385 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन जल शोधन संयंत्र का आज कलेक्टरअजीत वसंत ने औचक निरीक्षण किया। यह संयंत्र मल्टीविलेज स्कीम के तहत 285 लाख लीटर प्रतिदिन की जल शुद्धिकरण क्षमता के साथ 3 विकासखंडों के 245 गांवों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने हेतु तैयार किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परियोजना की प्रगति, निर्माण की समय-सीमा और उत्पन्न हो रही तकनीकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए और किसी भी समस्या की तत्काल जानकारी दी जाए ताकि उसका समय रहते समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
यह महत्वाकांक्षी योजना बागों बांध से जल लाकर, शोधन के उपरांत 742 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन के माध्यम से 72,619 घरों में शुद्ध जल पहुंचाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। इसके तहत 8 एमबीआर जल टंकियों का निर्माण भी किया जा रहा है।
कलेक्टर ने कहा, “यह परियोजना ग्रामीण क्षेत्रों के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, जिससे जनस्वास्थ्य, जीवनशैली और पेयजल संकट में बड़ा सुधार आएगा। आपसी समन्वय और समयबद्ध प्रयासों से कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए।”
निरीक्षण के दौरान सहायक कलेक्टर क्षितिज गुरभेले, एसडीएम टी.आर. भारद्वाज, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं जल संसाधन विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
