कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में आबकारी विभाग और ग्रामीणों के बीच झड़प, एक व्यक्ति की मौत

कोरबा। कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भैसमा के पहरी पारा में शुक्रवार दोपहर करीब 3बजे के बीच आबकारी विभाग के कर्मचारियों और ग्रामीणों के बीच हुई झड़प देखते ही देखते हिंसक रूप ले गई। सूचना मिलने पर उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए घटनास्थल को सुरक्षित किया।

 

इस घटनाक्रम के बाद रात लगभग 8.30 बजे गांव के ही एक व्यक्ति नंदलाल नागेशिया की मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, जब उनके भतीजे के साथ मारपीट की जा रही थी, उसी दौरान नंदलाल नागशिया अत्यधिक मानसिक तनाव (डिप्रेशन) में आ गए। बाद में रात लगभग 8:30 बजे उनकी मौत हो गई।

 

घटना के बाद ग्राम भैसमा के पहरीपारा के ग्रामीणों और महिलाओं ने बड़ी संख्या में शनिवार को उरगा थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराया। ग्रामीणों ने आबकारी विभाग के साथ काम करने वाले प्रमोद देवांगन और मनोज देवांगन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि ये दोनों खुद को एसपी बताकर अवैध रूप से महुआ शराब बनाने का आरोप लगाते हुए हर महीने वसूली करने आते थे। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि शराब नहीं मिलने की स्थिति में उनके साथ गाली-गलौज और दुर्व्यवहार किया जाता था।

 

ग्रामीणों ने थाना पहुंचकर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की, जिस पर पुलिस ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

 

जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भैसमा पहरीपारा में शोक कार्यक्रम के दौरान मारपीट और गाली-गलौज का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने आबकारी विभाग से जुड़े एक कथित मुखबिर और उसके साथी पर बिना कारण मारपीट, अभद्र गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

 

 ग्राम भैसमा पहरीपारा निवासी दुर्गेश कुमार नगेशिया (22 वर्ष) ने थाना उरगा में दर्ज शिकायत में बताया कि 19 दिसंबर 2025 को उनके बड़े पापा मनबहार नगेशिया के निधन के बाद घर में वंशनात्र कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब 3 बजे एक व्यक्ति मनोज कुमार देवांगन, जो स्वयं को आबकारी विभाग का मुखबिर बताता है, अपने साथी प्रमोद कुमार देवांगन के साथ उनके घर पहुँचा।

 

आरोप है कि दोनों ने घर में शराब होने का आरोप लगाया, जिसे पीड़ित ने सिरे से नकार दिया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने पीड़ित को घर के बाहर बुलाकर “तुम्हारे नाम से केस बना दूँगा” कहते हुए माँ-बहन की अश्लील गालियाँ दीं और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। मारपीट में दुर्गेश कुमार के गाल और जांघ के पीछे चोट आई।

 

इसी दौरान गाँव के संजय कुमार यादव बीच-बचाव के लिए पहुँचे, तो आरोपियों ने उनसे भी यह कहते हुए कि “तुम भी दारू बनवाते हो” मारपीट की, जिससे उन्हें गाल और दाहिनी जांघ में चोट लगी।

 

घटना के समय राजमती नगेशिया द्वारा झगड़ा रोकने पर आरोपियों ने उन्हें भी गंदी गालियाँ दीं और उनके पति को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के अनुसार, पूरी घटना को गाँव के कई लोगों ने देखा और सुना है।

 

पीड़ित दुर्गेश कुमार नगेशिया ने मामले की रिपोर्ट थाना उरगा में दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Post