मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर के सेक्रेटरी ब्लॉक के पंचम तल पर निर्मित अत्याधुनिक नवीन सभागार का विधिवत लोकार्पण किया। यह भव्य कॉन्फ्रेंस हॉल 13.90 करोड़ रुपये की लागत से 6450 वर्गफुट क्षेत्र में निर्मित किया गया है, जिसकी बैठक क्षमता 185 सीटों की है।
नवीन सभागार में आंतरिक विद्युतीकरण, अग्निशमन प्रणाली, वातानुकूलन, ऑडियो-विजुअल तकनीक, सुसज्जित फर्नीचर और आंतरिक साज-सज्जा जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जो इसे राज्य प्रशासन के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक स्थल बनाती हैं।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव एवं श्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल, वन मंत्री श्री केदार कश्यप, उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह सभागार शासन के विभिन्न विभागों की समन्वय बैठकें, उच्चस्तरीय विमर्श और नीति निर्माण में सहायक सिद्ध होगा।
