नकली मंगलसूत्र को सोना बताकर 40 हजार की ठगी पुलिस ने चंद घंटों में 2 शातिर ठग दबोचे....

 जांजगीर-चांपा  थाना पामगढ़ –क्षेत्र का मामला बेनटेक्स के नकली मंगलसूत्र को असली सोना बताकर ज्वेलरी दुकान संचालक से 40 हजार रुपये की ठगी करने वाले दो शातिर आरोपियों को पामगढ़ पुलिस ने चंद घंटों में धरदबोचा। आरोपियों के कब्जे से ठगी की पूरी रकम 40,000 रुपये नगद एवं घटना में प्रयुक्त बलेनो कार CG 04 QY 6279 जब्त की गई है।

क्या है पूरा मामला

दिनांक 26.06.2026 को प्रार्थी हिमांशु सोनी निवासी वार्ड क्र. 05 चांपा, हाल मुकाम पामगढ़ ने थाना पामगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी नगर पंचायत पामगढ़ में ‘केसर लाल एंड संस’ के नाम से ज्वेलरी दुकान चलाता है। शाम 4-5 बजे के बीच सफेद रंग की बलेनो कार CG 04 QY 6279 से दो व्यक्ति दुकान पर आए। उन्होंने 50 हजार रुपये की जरूरत बताकर सोने का मंगलसूत्र गिरवी रखने की बात कही।

ऐसे दिया ठगी को अंजाम

प्रार्थी के रसीद मांगने पर एक व्यक्ति ने खुद को ‘अमित तिवारी’ बताकर नकली बिल थमा दिया। मंगलसूत्र को असली सोना समझकर प्रार्थी ने 40,000 रुपये में गिरवी रख लिया। पैसे लेकर दोनों कार से फरार हो गए। उनके जाने के बाद जांच करने पर पता चला कि मंगलसूत्र सोने का नहीं, बल्कि बेनटेक्स का है। ठगी का एहसास होते ही प्रार्थी ने तत्काल थाना पामगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई। अपराध क्रमांक 267/2026 धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

SP के निर्देशन में चंद घंटों में गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन एवं SDOP अकलतरा श्री प्रदीप सोरी के नेतृत्व में तत्काल टीम गठित की गई। साइबर सेल की मदद से आरोपियों को बलौदा बाजार से दबिश देकर पकड़ा गया।

गिरफ्तार आरोपी


1. अमन सोनी पिता श्री गणेश सोनी उम्र 22 वर्ष, निवासी वार्ड क्र. 09, बलौदा बाजार
2. अमित सोनी पिता कृष्ण कुमार सोनी उम्र 42 वर्ष, निवासी वार्ड क्र. 21, वैष्णव कॉलोनी, बलौदा बाजार, थाना सिटी कोतवाली, जिला बलौदा बाजार

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने जुर्म स्वीकार किए जाने से दिनांक 27.06.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया

Related Post