बाउंड्रीवॉल क्षतिग्रस्त करने व जल निकासी बाधित करने के आरोप में मुकदमा दर्ज
महराजगंज,नगर पंचायत चौक थाना क्षेत्र स्थित लिटिल एंजेल्स एकेडमी की बाउंड्रीवॉल क्षतिग्रस्त करने,नींव की ईंटें निकालने तथा विद्यालय की वर्षों पुरानी जल निकासी व्यवस्था को प्रभावित करने के मामले में पुलिस ने नामजद चार आरोपितों व एक अज्ञात के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफआईआर संख्या 0101/2026 के अनुसार भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(3), 352 एवं 324(5) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। कार्रवाई विद्यालय प्रबंधन की तहरीर तथा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई।
विद्यालय प्रबंधन का आरोप है कि आरोपितों ने जेसीबी और अन्य साधनों की सहायता से विद्यालय की बाउंड्रीवॉल के समीप खुदाई कर दीवार की नींव को क्षति पहुंचाई। साथ ही विद्यालय से वर्षों से हो रही जल निकासी को बाधित करने के उद्देश्य से सरकारी चकनाली को जोतकर उस पर अवैध कब्जा कर लिया, जिससे विद्यालय परिसर एवं वर्षा का पानी बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
प्रबंधन के अनुसार घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर पुलिस को दी गई थी। इसके बाद थाना चौक एवं पुलिस अधीक्षक से लिखित शिकायत की गई। शिकायत के समर्थन में आईजीआरएस रिपोर्ट तथा राजस्व अभिलेखों का भी उल्लेख किया गया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी
