रायगढ़। जिले में 27 दिसंबर को तमनार थाना क्षेत्र अंतर्गत लिब्रा स्थित सीएचपी चैक पर धरना-प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसक घटना में महिला आरक्षक पर जानलेवा हमला एवं बदसलूकी के मामले में पुलिस ने अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, इस घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।
धरना-प्रदर्शन के दौरान उग्र हुई भीड़, पुलिस पर हमला
मिली जानकारी के अनुसार गारे-पेलमा सेक्टर-1 कोयला खदान प्रारंभ किए जाने के विरोध में 12 दिसंबर से प्रभावित 14 ग्रामों के ग्रामीण सीएचपी चैक, लिब्रा में आर्थिक नाकेबंदी कर धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। इससे क्षेत्र में आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया था।
27 दिसंबर की दोपहर पुलिस-प्रशासन द्वारा मार्ग खुलवाने की कार्रवाई के दौरान भीड़ उग्र हो गई और पुलिस बल पर हमला कर दिया। इस दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हुए।
महिला आरक्षक के साथ अमानवीय और निंदनीय कृत्य
घटना के दौरान प्रदर्शन में शामिल कुछ लोगों ने महिला आरक्षक पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला, मारपीट, गाली-गलौज, आपत्तिजनक टिप्पणियां, कपड़े फाड़ने, अभद्र व्यवहार एवं लूटपाट जैसी गंभीर वारदात को अंजाम दिया। इस घटना को लेकर समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है।
अब तक गिरफ्तार आरोपी
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में—
मंगल राठिया, निवासी ग्राम आमगांव
चिनेश खमारी, निवासी ग्राम आमगांव
प्रेमसिंह राठिया, निवासी ग्राम आमगांव
कीर्ति श्रीवास, निवासी ग्राम आमगांव
वनमाली राठिया, निवासी ग्राम झरना
शामिल हैं। पुलिस ने दो अन्य फरार आरोपियों की पहचान कर ली है, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
तमनार थाना में आरोपियों के खिलाफ धारा 109, 74, 76, 296, 351(2), 115(2), 221, 132, 309(4), 309(6), 3(5) भा.न्या.सं. एवं आईटी एक्ट की धारा 67(ए) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने बताया कि तमनार में कानून व्यवस्था ड्यूटी के दौरान एक अत्यंत संवेदनशील घटना घटित हुई थी, जिसमें महिला आरक्षक पर जानलेवा हमला एवं लज्जा भंग की घटना सामने आई। मामले में पहले दो आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी थी, जबकि आज तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा जाएगा और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
