कोरबा। शहर में कुछ मनचलों की करतूतों ने लोगों को परेशान कर दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कार सवार युवक पुलिस के सायरन का इस्तेमाल करते हुए तेज रफ्तार में फर्राटा भरते नजर आ रहे हैं, वहीं बाइक सवार युवकों ने हूटर बजाकर राहगीरों को डराया-धमकाया। इन घटनाओं ने शहर में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
शहर में एक कार सवार युवकों का समूह पुलिस के सायरन का दुरुपयोग करते हुए शहर की सड़कों पर तेज गति से वाहन चला रहा था। यह कार उद्योग मंत्री के निवास स्थान के पास से होते हुए दर्री की ओर जा रही थी। कार का नंबर न तो शासकीय था
और न ही यह टैक्सी परमिट वाली कार लग रही थी। ऐसे में कानून को धता बताते हुए इन युवकों की हरकतें सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही हैं।
सूत्रों का कहना है कि यह कार इससे पहले भी शहर की सड़कों पर सायरन बजाते हुए कई बार देखी जा चुकी है। लोगों को यह भ्रम होता है कि शायद कोई अधिकारी या बड़ा नेता इस कार में सवार है, लेकिन असलियत में कुछ युवक इस तरह की हरकतें करते हुए पाए जाते हैं।
