नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी करन रजक को बिलासपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा गया जेल

थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र से एक नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी करन रजक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया गया है।

पूरा मामला 14 जून 2025 का है, जब एक नाबालिग बालिका घर से बिना बताए लापता हो गई। परिजनों की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने गुम इंसान दर्ज कर जांच शुरू की। परिजनों से पूछताछ में बालिका की मां ने करन रजक, निवासी केंवटपारा जूना बिलासपुर पर संदेह जताया।

19 जून को बालिका को सकुशल बरामद किया गया, जिसके बाद महिला अधिकारी के समक्ष बयान में पीड़िता ने खुलासा किया कि करन रजक उसे लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान कर रहा था, जिससे तंग आकर वह अपनी नानी के घर लखनऊ चली गई थी।

बालिका ने यह भी बताया कि 27 जून 2024 को, जब घर में कोई नहीं था, रात करीब 12 बजे आरोपी करन रजक ने जबरन घर में घुसकर दुष्कर्म की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने धारा 64 बीएनएस व पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ते हुए तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र जायसवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रमोद साबद्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विवेक कुमार पांडेय के नेतृत्व में टीम ने दबिश देकर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी करन रजक (उम्र 21 वर्ष) ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया।

पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर जेल दाखिल करा दिया है। इस कार्रवाई में सउनि गजेंद्र शर्मा, आरक्षक गोकुल जागड़े एवं नुरुल कादिर का विशेष योगदान रहा।

Related Post