पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर के निर्देशानुसार जुलाई 2025 में चलाए गए ऑपरेशन मुस्कान अभियान में बिलासपुर पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। इस अभियान के तहत 151 अपहृत बालक-बालिकाओं को दस्तयाब कर उनके परिजनों से मिलाया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (IPS) के निर्देशन में इस अभियान को गंभीरता से लेते हुए जिले के लंबित अपहरण प्रकरणों की गहन समीक्षा की गई। सभी राजपत्रित अधिकारियों व थाना प्रभारियों को संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मुखबिर तंत्र को मजबूत करने के साथ-साथ तकनीकी विश्लेषण से मिली सूचनाओं के आधार पर महाराष्ट्र, तमिलनाडु, गुजरात, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब सहित अन्य राज्यों में पुलिस टीमों को रवाना किया गया। 1 जुलाई से 31 जुलाई तक चले इस अभियान में 14 बालकों और 137 बालिकाओं को सकुशल बरामद किया गया।
इस अभियान में 9 साल, 6 साल और कई वर्षों से गुम बच्चों को उनके माता-पिता से मिलाया गया। परिजनों ने इस मानवीय पहल के लिए बिलासपुर पुलिस का आभार प्रकट किया।
इस सराहनीय कार्य के लिए एसएसपी रजनेश सिंह ने सभी टीमों को नगद इनाम और प्रशंसा पत्र देने की घोषणा की। उनके नेतृत्व में बेसिक पुलिसिंग के साथ-साथ संवेदनशीलता और तकनीक का सफल संयोजन देखने को मिला।
उल्लेखनीय है कि जून माह में चलाए गए ऑपरेशन तलाश के दौरान बिलासपुर जिले ने 1056 गुमशुदा महिला/पुरुषों की दस्तयाबी कर राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। बिलासपुर पुलिस की यह पहल न केवल प्रशंसनीय है, बल्कि मानवता और सेवा भाव का उत्कृष्ट उदाहरण भी है।
