कोंडागांव, 22 जुलाई 2025: ज़िले की ग्राम पंचायत बाडरा से लंजोड़ा तक का मुख्य पहुंच मार्ग बारिश के चलते पूरी तरह दलदल में तब्दील हो चुका है। इस मार्ग की बदहाल स्थिति का खामियाजा ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी उठाना पड़ रहा है। कीचड़ भरे इस रास्ते से रोज़ाना आवागमन करना ग्रामीणों के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है।
मंगलवार सुबह करीब 9:00 बजे स्कूली छात्रों ने इस जर्जर मार्ग का वीडियो बनाकर मीडिया को साझा किया, जिसमें बच्चे दलदली सड़क पर फिसलते व संघर्ष करते दिखाई दिए। यह वीडियो क्षेत्र की दुर्दशा को साफ तौर पर दर्शाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश शुरू होते ही यह मार्ग कीचड़ से भर जाता है, जिससे पैदल चलना, बाइक या साइकिल चलाना तो दूर, मरीजों को अस्पताल ले जाना भी दूभर हो जाता है। वहीं छात्रों को स्कूल आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों और छात्रों ने शासन-प्रशासन से अपील की है कि इस मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए ताकि ग्रामीणों का दैनिक जीवन प्रभावित न हो। यदि समय रहते सुधार कार्य नहीं किया गया तो यह मार्ग भविष्य में किसी बड़े हादसे का कारण भी बन सकता है।
बाडरा से लंजोड़ा मार्ग की यह स्थिति ग्रामीण विकास और आधारभूत सुविधाओं की सच्चाई को उजागर करती है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या को कितनी प्राथमिकता देता है और कितनी जल्दी राहत कार्य शुरू करता है।
