Anp News Live, Korba देश की प्रमुख व्यापारी संस्था भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की विशाल बैठक 12 और 13 मई को धर्मनगरी वृंदावन में आयोजित होने जा रही है। इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अधिवेशन में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष अशोक मोदी एवं प्रदेश चेयरमैन सुधीर बंसल वृंदावन के लिए रवाना हो गए हैं।
इस राष्ट्रीय बैठक के मुख्य अतिथि नंदकिशोर यादव होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता व्यापारी कल्याण बोर्ड के राष्ट्रीय चेयरमैन एवं केंद्रीय कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त सुनील संगवी करेंगे। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता और राष्ट्रीय महामंत्री मुकुंद मिश्रा के नेतृत्व में किया जाएगा।
बैठक में देशभर के 28 राज्यों से व्यापारी प्रतिनिधि, उद्योगपति और संगठन पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। इस दौरान व्यापार और उद्योग जगत से जुड़ी समस्याओं एवं उनके समाधान पर व्यापक चर्चा होगी। प्रतिनिधिमंडल द्वारा केंद्रीय मंत्रियों को ज्ञापन सौंपकर व्यापारियों के हितों की रक्षा और राहत प्रदान करने की मांग भी रखी जाएगी।
राष्ट्रीय अधिवेशन में जीएसटी, आयकर, औद्योगिक विभागों की जटिल प्रक्रियाएं, अनाज व्यापारियों की समस्याएं, लघु एवं मध्यम उद्योगों की चुनौतियां तथा छोटे व्यापारियों को राष्ट्रीय स्तर पर सहयोग देने जैसे मुद्दों पर विशेष मंथन किया जाएगा। व्यापार और उद्योग क्षेत्र को अधिक सरल, सुरक्षित और मजबूत बनाने के लिए विभिन्न प्रस्ताव भी पारित किए जाएंगे।
बैठक में नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी अभियान को मजबूत करने पर भी विचार-विमर्श होगा। भारतीय उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने, विदेशी वस्तुओं पर निर्भरता कम करने और निर्यात को प्रोत्साहित करने जैसे विषयों पर सुझाव प्रस्तुत किए जाएंगे।
इसके अलावा वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों, विशेषकर पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव और वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के प्रभाव पर भी चर्चा होगी। व्यापारियों द्वारा केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री को किस प्रकार सहयोग दिया जा सकता है, इस विषय पर भी विचार रखे जाएंगे।
प्रदेश अध्यक्ष अशोक मोदी ने कहा कि इस राष्ट्रीय बैठक में छत्तीसगढ़ के व्यापारियों और उद्योगपतियों की समस्याओं के समाधान हेतु विशेष प्रस्ताव रखे जाएंगे, ताकि उन्हें बेहतर व्यावसायिक वातावरण और राहत मिल सके।
