Anp News Live Bilaspur राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए विशेष तैयारियां की हैं। 21 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में यात्रियों के आवागमन की संभावना को देखते हुए बिलासपुर, रायपुर और नागपुर मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
रेलवे प्रशासन के अनुसार परीक्षा केंद्रों वाले स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं की विशेष निगरानी रखी जाएगी। परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों के लिए पर्याप्त पेयजल, स्वच्छ प्रतीक्षालय, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, पंखे, लिफ्ट, एस्केलेटर और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए प्रमुख स्टेशनों पर अस्थायी होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे, जहां बैठने की व्यवस्था के साथ पेयजल एवं किफायती भोजन-नाश्ते की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

मार्गदर्शन के लिए बनेंगे विशेष हेल्प डेस्क
यात्रियों की सहायता के लिए रेलवे स्टेशनों पर विशेष हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे। यहां स्काउट्स एवं गाइड्स, वाणिज्यिक कर्मचारी और रेलवे स्टाफ तैनात रहेंगे, जो परीक्षार्थियों को ट्रेनों के समय, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय और अन्य आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएंगे।
सुरक्षा और समयबद्ध संचालन पर विशेष फोकस
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), सिविल डिफेंस, वाणिज्यिक एवं परिचालन कर्मचारियों की अतिरिक्त तैनाती की जाएगी। स्टेशन परिसरों और पहुंच मार्गों पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन एवं स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया गया है।
रेलवे ने बताया कि परीक्षा अवधि के दौरान मेल, एक्सप्रेस और यात्री ट्रेनों के समयबद्ध संचालन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बिलासपुर, रायपुर और नागपुर मंडल सहित मुख्यालय स्तर पर स्थापित वॉर रूम से वरिष्ठ अधिकारी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करेंगे।
इसके अलावा प्रमुख स्टेशनों पर चिकित्सा सहायता एवं आपातकालीन सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। रेलवे द्वारा सोशल मीडिया, स्टेशन उद्घोषणाओं, इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड और अन्य सूचना माध्यमों से यात्रियों को आवश्यक जानकारी निरंतर उपलब्ध कराई जाएगी।
रेलवे प्रशासन ने परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों से समय से स्टेशन पहुंचने और यात्रा की पूर्व योजना बनाकर रेलवे की सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की है।
