हरदीबाजार–दीपका एसईसीएल क्षेत्र में अधिग्रहण प्रक्रिया को सुरक्षित रखने के लिए प्रशासन ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। धारा 09 के प्रकाशन के बाद प्रतिबंधों के बावजूद हो रहे अवैध निर्माण और संसाधन दोहन को रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी कड़ी में 27 दिसंबर 2025 को पाली एसडीएम रोहित सिंह के मार्गदर्शन में हरदीबाजार तहसीलदार अभिजीत राजभानु एवं राजस्व टीम ने बड़ी कार्रवाई की। टीम ने दबिश देकर अनीता राठौर द्वारा संचालित ईंट भट्ठे की जांच की, जहां अवैध रूप से बड़े पैमाने पर ईंट निर्माण किया जा रहा था। मौके से 30 हजार नग अवैध ईंटें जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
प्रशासन ने बताया कि एसईसीएल दीपका क्षेत्र के लिए धारा 09 लागू होने के बाद संबंधित भूमि पर किसी भी प्रकार का नया निर्माण, व्यावसायिक गतिविधि अथवा प्राकृतिक संसाधनों का दोहन पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद कुछ लोग अवैध लाभ के उद्देश्य से ईंट भट्टों का संचालन और नदी-नालों से अवैध रेत परिवहन कर रहे थे।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अधिग्रहित एवं शासकीय भूमि की सुरक्षा के लिए संयुक्त टीम लगातार निगरानी और छापेमारी कर रही है। इससे पूर्व हरदीबाजार और सुआभोड़ी क्षेत्र में 18 ईंट भट्टों पर कार्रवाई करते हुए लगभग 9 लाख ईंटें जब्त की जा चुकी हैं।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अवैध ईंट निर्माण और रेत परिवहन में शामिल लोगों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही जेसीबी, ट्रैक्टर जैसे वाहनों को राजसात करने की प्रक्रिया को और अधिक सख्ती से लागू किया जाएगा। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि अधिग्रहण प्रक्रिया में बाधा डालने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
