बांकी मोंगरा।
नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत मुख्य चौक स्थित 5 दुकानों को प्रशासन द्वारा सील करने की कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई शासन के निर्देश पर राजस्व विभाग एवं पुलिस की संयुक्त मौजूदगी में संपन्न हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्य चौक में संचालित 4 फल दुकानें एवं 1 मोबाइल रिचार्ज दुकान को सील किया गया है। नायब तहसीलदार ने बताया कि नरेंद्र शर्मा द्वारा आवेदन प्रस्तुत किया गया था, जिसमें उन्होंने उल्लेख किया कि उक्त दुकानें उनके पिता की निजी संपत्ति हैं। पिता की मृत्यु के पश्चात दुकानों को किराए पर संचालित करने वाले व्यापारियों द्वारा न तो किराया अदा किया जा रहा था और न ही दुकान खाली की जा रही थी।
शिकायत की जांच उपरांत अनुविभागीय अधिकारी के आदेश के परिपालन में नायब तहसीलदार, पटवारी एवं बांकी मोंगरा थाना पुलिस की उपस्थिति में विधिवत पंचनामा तैयार कर नियम अनुसार सभी 5 दुकानों को सील कर दिया गया।
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति रही। वहीं, अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमानुसार आगे की वैधानिक प्रक्रिया जारी रहेगी।
