कोंडागांव, 05 जून 2026 | कम कीमत में महंगी मोटरसाइकिल दिलाने का लालच देकर दर्जनों लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को कोंडागांव पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखधर पोयाम और जयन्तो हलदार के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ग्रामीणों को 1 लाख रुपये से अधिक कीमत वाली मोटरसाइकिलें मात्र 65 हजार से 85 हजार रुपये में दिलाने का झांसा देते थे। महंगी बाइक कम दाम में मिलने के लालच में कई लोग उनके झांसे में आ गए और नगद रकम जमा कर दी। इसके बाद आरोपियों ने आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक और फोटो लेकर पीड़ितों के नाम पर फाइनेंस के जरिए वाहन खरीदे, जबकि उन्हें इसकी जानकारी नहीं दी गई।
जांच में यह भी पता चला कि आरोपी जयन्तो हलदार पूर्व में दो से तीन फाइनेंस कंपनियों में काम कर चुका है। फाइनेंस प्रक्रिया की जानकारी का फायदा उठाकर उसने इस ठगी को अंजाम दिया। आरोपियों ने शुरुआती 4 से 6 महीने तक स्वयं ईएमआई जमा की, जिससे किसी को संदेह नहीं हुआ। बाद में फाइनेंस कंपनियों से बकाया किस्तों के नोटिस मिलने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ।

थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय के अनुसार अब तक 40 से 50 लोगों के ठगी का शिकार होने की आशंका है। प्राप्त शिकायतों के आधार पर 30 से 35 लाख रुपये की धोखाधड़ी का अंदेशा जताया जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर अन्य पीड़ितों और संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
