प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत नगर निगम कोरबा क्षेत्र के 33 लाभार्थियों को आज पक्के घर के सपने को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मिला। महापौर संजूदेवी राजपूत ने निगम कार्यालय साकेत भवन में आवास स्वीकृति पत्र एवं भवन अनुज्ञा पत्र वितरित किए।
इस अवसर पर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय भी उपस्थित रहे। महापौर और आयुक्त ने लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें समयसीमा में निर्माण कार्य प्रारंभ कर पूर्ण करने की अपील की, ताकि मुख्यमंत्री गृह प्रवेश योजना के अंतर्गत ₹32,850 की अतिरिक्त सहायता राशि प्राप्त की जा सके।

महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गरीब, वंचित और पिछड़े वर्ग के लोगों को पक्के घर देने का जो सपना देखा गया, वह अब साकार होता दिख रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों से प्रदेश के 18 लाख लोगों को योजना का लाभ मिल रहा है।
निगम क्षेत्र में अब तक 722 हितग्राहियों को आवासगृहों की स्वीकृति दी जा चुकी है। आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने बताया कि निगम हितग्राहियों को किश्त भुगतान से लेकर निर्माण संबंधी हर सहायता उपलब्ध कराएगा।
इस अवसर पर नोडल अधिकारी सुरेश बरूआ, पार्षद रवि सिंह चंदेल, सी.एल.टी.सी. धवल शर्मा, और अन्य अधिकारी व लाभार्थी उपस्थित रहे।
