जिले के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार दिलाने के उद्देश्य से जिला रोजगार कार्यालय, कोरबा द्वारा 23 जुलाई 2025 को एक प्लेसमेंट कैम्प का सफल आयोजन किया गया। यह आयोजन युवाओं को उनके कौशल के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।
इस प्लेसमेंट कैम्प में 9 प्रतिष्ठित निजी कंपनियों ने भाग लिया और 218 रिक्त पदों के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की। कैम्प में कुल 248 युवाओं ने भाग लिया, जिनमें से 134 अभ्यर्थियों का प्राथमिक चयन किया गया। चयन प्रक्रिया में अभ्यर्थियों का मूल्यांकन योग्यता, कार्यकुशलता और साक्षात्कार के आधार पर किया गया।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि शासन द्वारा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए इस तरह के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। ऐसे कैम्प्स न केवल स्थानीय रोजगार के अवसर सृजित करते हैं, बल्कि युवाओं को सही मार्गदर्शन और प्रतिस्पर्धात्मक माहौल भी प्रदान करते हैं।
कैम्प में शामिल युवाओं ने इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन उनके लिए उज्ज्वल भविष्य की राह खोलते हैं।
