थाना कोटा क्षेत्र के फ़क़ीर मोहल्ला निवासी एक गर्भवती महिला को तेज प्रसव पीड़ा होने पर उसके परिजनों ने डॉयल-112 पर सहायता की गुहार लगाई। सूचना मिलते ही डॉयल-112 कोटा ईगल-1 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल ले जाने के लिए रवाना हुई।
रास्ते में महिला की पीड़ा असहनीय हो गई और परिजनों के आग्रह पर वाहन को वहीं रोका गया। डॉयल-112 के आरक्षक राजेश कुर्रे और चालक अनिल पंकज ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को सुरक्षित स्थान पर रोका और डिलीवरी के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाई। ग्राम मितानिन और परिजनों की मदद से वाहन में ही सुरक्षित डिलीवरी कराई गई। जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं और उन्हें आगे के उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रसूता और परिजनों ने डॉयल-112 एवं बिलासपुर पुलिस का आभार जताते हुए उनकी तत्परता की प्रशंसा की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (IPS) ने डॉयल-112 टीम की सराहना करते हुए आरक्षक को पुरस्कृत किया।
