चिरायु योजना बनी बच्चों की मुस्कान की वजह हृदय रोग, कटे-फटे होंठ जैसी गंभीर बीमारियों से मिल रहा निःशुल्क जीवनदान

कोण्डागांव, 17 जुलाई 2025: राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम ‘चिरायु’ कोण्डागांव जिले के जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रहा है। इस योजना के अंतर्गत अब तक सैकड़ों बच्चों को जन्मजात एवं गंभीर बीमारियों से निजात मिल चुकी है। कटे-फटे होंठ, हृदय रोग, टेढ़े-मेढ़े पैर, और जलन के कारण त्वचा चिपकने जैसी जटिल समस्याओं का इलाज पूरी तरह निःशुल्क किया जा रहा है।

 

हाल ही में जिले के कुम्हारपारा निवासी पांच माह के रोनित कोर्राम और तहसीलपारा की चार माह की एक बच्ची का रायपुर के मेडिसिन अस्पताल में सफल ऑपरेशन किया गया। दोनों मासूम कटे-फटे होंठ की समस्या से जूझ रहे थे। ऑपरेशन के बाद दोनों बच्चे अब स्वस्थ हैं और उनके चेहरे पर लौट आई है मुस्कान। उनके परिजनों ने सरकार का आभार जताते हुए कहा कि अगर यह योजना न होती, तो इलाज उनके लिए संभव नहीं था।

 

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, चिरायु योजना के तहत अब तक कोण्डागांव विकासखंड में 51 बच्चों का हृदय रोग का सफल ऑपरेशन, 23 बच्चों के टेढ़े-मेढ़े पैरों का इलाज, 22 बच्चों के कटे-फटे होंठ की सर्जरी और 19 बच्चों की जलन के कारण त्वचा चिपकने की समस्या का इलाज किया जा चुका है।

 

केन्द्र एवं राज्य सरकार बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर और संवेदनशील है। ‘चिरायु’ योजना न केवल इन बच्चों को नया जीवन दे रही है, बल्कि उनके परिवारों को भी आर्थिक बोझ से राहत दिला रही है। यह योजना प्रदेश में बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की ओर एक मजबूत कदम है।

Related Post