ग्राहक बनकर करते थे वारदात: 4.5 लाख की ज्वेलरी बरामद, कार भी जब्त

कोरबा जिले में “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी का महज 18 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इस कार्रवाई में अंतर्राज्यीय गिरोह के 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 3 महिलाएं शामिल हैं।

मामले के अनुसार, प्रार्थी अखिल कुमार देवांगन, निवासी एमपीटी नगर, थाना सिविल लाइन रामपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 अप्रैल 2026 को दोपहर लगभग 12:15 बजे उसकी “दिव्या ज्वेलर्स” दुकान में तीन महिलाएं ग्राहक बनकर आईं। आभूषण देखने के दौरान उन्होंने चालाकी से सोने के जेवर पार कर दिए और मौके से फरार हो गईं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान की। शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों और जिला ऑटो संघ के सहयोग से महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर आरोपियों को ओडिशा के संबलपुर से गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले के निवासी शामिल हैं। पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देता था। गिरोह की महिलाएं ग्राहक बनकर दुकानों में प्रवेश करती थीं और दुकानदार का ध्यान भटकाती थीं, जबकि उनके साथी चोरी को अंजाम देकर तुरंत स्थान बदल देते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए दो सोने की चेन और एक सोने का लॉकेट बरामद किया है, जिसकी कुल कीमत करीब 4 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई XUV300 कार भी जब्त की गई है।

पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि यह गिरोह पश्चिम बंगाल के विभिन्न शहरों जैसे राणाघाट, मालदा और सिलीगुड़ी में भी इसी तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुका है और छत्तीसगढ़ के अन्य शहर भी इनके निशाने पर थे।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(A) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।

कोरबा पुलिस ने इस सफलता में सहयोग देने के लिए शहर के व्यापारियों और जिला ऑटो संघ का आभार जताया है। साथ ही आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Related Post