कोण्डागांव, 12 जून 2026 | थाना बयानार क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक महिला
के साथ 12 वर्षों तक दुष्कर्म करने वाले आरोपी दशमन नेताम को पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी उसे शादी का लालच देकर लंबे समय से शारीरिक संबंध बना रहा था। इस दौरान पीड़िता छह बार गर्भवती हुई, जिसे आरोपी ने गर्भपात की दवा खिलाकर नष्ट करवा दिया। हाल ही में 6 जून को आरोपी ने पीड़िता के घर में घुसकर पुनः जबरन शारीरिक संबंध बनाए और अब शादी से इनकार कर रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के दिशा-निर्देशन में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक प्रेमनाथ बघेल के नेतृत्व में टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को उसके घर से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
