जंगल में चल रहे जुआ फड़ पर पुलिस का छापा, 4 जुआरी गिरफ्तार

फरसगांव, 10 जून 2026 | कोंडागांव जिले के फरसगांव थाना पुलिस ने जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल में संचालित जुआ फड़ पर छापा मारकर चार जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नगदी, मोबाइल फोन, ताश के पत्ते तथा सात दोपहिया वाहन जब्त किए हैं।

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 7 जून को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम कुम्हांग के जंगल क्षेत्र में महुआ पेड़ के नीचे कुछ लोग ताश के 52 पत्तों से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर फरसगांव पुलिस ने घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी और चार आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

 

गिरफ्तार आरोपियों में हरिराम नेताम (35) निवासी गारावंडी टोपीपारा थाना केशकाल, राजकुमार कोर्राम (32) निवासी बरकई थाना फरसगांव, नरेंद्र कुमार बघेल (35) निवासी पाण्डेआठगांव थाना फरसगांव तथा गजानंद कुमार ताम्रकार (29) निवासी चिटोटी थाना गुरूर जिला बालोद, हाल निवासी कोंडागांव शामिल हैं।

 

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआ फड़ से 9,250 रुपये नकद, ताश के 52 पत्ते, चार मोबाइल फोन, एक प्लास्टिक बोरी तथा जुआ स्थल के पास खड़े सात दोपहिया वाहन जब्त किए। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।

 

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी अरुण नेताम के पर्यवेक्षण में की गई। अभियान में थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रशेखर श्रीवास्तव, उप निरीक्षक भोजराम भारस्कर सहित थाना स्टाफ एवं साइबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Post