कोरबा जिले में “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस ने रात्रि गश्त को और अधिक सख्त करते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी शुरू कर दी है। इस अभियान के तहत बीते 15 दिनों में बिना उचित कारण रात में घूमने वाले व्यक्तियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रात्रि के समय संदिग्ध रूप से घूमते पाए गए और पूछताछ के दौरान संतोषजनक जवाब नहीं देने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 128 के तहत कुल 170 प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
इस सख्त कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य रात के समय होने वाले चोरी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण पाना, संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाया गया है, जिससे अपराधियों पर नजर रखी जा सके और किसी भी आपराधिक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे रात्रि में अनावश्यक रूप से बाहर न घूमें। यदि किसी जरूरी कार्य से बाहर निकलना हो तो अपने पहचान संबंधी दस्तावेज साथ रखें और पुलिस जांच के दौरान पूरा सहयोग करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
यह पहल सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे आम जनता को सुरक्षित माहौल मिल सके।
