खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मशाल गौरव यात्रा रवाना, उप मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी

छत्तीसगढ़ की मेजबानी में पहली बार आयोजित होने जा रहे खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स के प्रचार-प्रसार को नई गति देते हुए उप मुख्यमंत्री एवं खेल तथा युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने मशाल गौरव यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह गौरव यात्रा राज्य के सभी जिलों का भ्रमण करेगी और जन-जन तक खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का संदेश पहुंचाएगी।

नवा रायपुर स्थित अपने शासकीय निवास कार्यालय से मशाल गौरव यात्रा को रवाना करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और सम्मान का क्षण है। उन्होंने कहा कि देश में पहली बार हो रहे खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की मेजबानी का अवसर छत्तीसगढ़ को मिला है, जो राज्य की खेल प्रतिभा और आदिवासी संस्कृति की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर सशक्त करेगा। इसके लिए उन्होंने भारत सरकार एवं केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया के प्रति आभार व्यक्त किया।

मशाल गौरव यात्रा के साथ आयोजन का शुभंकर ‘मोरवीर’, थीम सॉन्ग और खेलो इंडिया की मशाल प्रदेशभर में भ्रमण करेगी। इसके माध्यम से लोगों को खेलों के प्रति जागरूक किया जाएगा और आदिवासी युवाओं को खेलों से जोड़ने का संदेश दिया जाएगा। यात्रा के दौरान विभिन्न जिलों में कार्यक्रमों के जरिए खेलों के महत्व और आयोजन की जानकारी साझा की जाएगी।

फरवरी में होगा आयोजन, जनवरी में ट्रायल

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स का आयोजन आगामी फरवरी माह में किया जाएगा, जिसकी तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं। छत्तीसगढ़ की ओर से प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों के चयन के लिए 7 और 8 जनवरी को ट्रायल आयोजित किए जाएंगे।

इन खेलों में हॉकी, फुटबॉल, तीरंदाजी, तैराकी, कुश्ती, एथलेटिक्स और वेट-लिफ्टिंग को शामिल किया गया है।

बिलासपुर स्थित स्वर्गीय बी.आर. यादव राज्य प्रशिक्षण केंद्र, बहतराई में तीरंदाजी, तैराकी और एथलेटिक्स के ट्रायल होंगे।

वहीं हॉकी, फुटबॉल, कुश्ती और वेट-लिफ्टिंग के ट्रायल रायपुर के स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा में आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग की उप संचालक रश्मि ठाकुर सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। मशाल गौरव यात्रा के माध्यम से खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स को लेकर पूरे प्रदेश में उत्साह और खेल भावना का माहौल बनना तय माना जा रहा ।

Related Post