जांजगीर-चांपा जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए माफियाओं पर शिकंजा कसा है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में खनिज विभाग की राज्य स्तरीय टीम और राजस्व एवं खनिज विभाग की जिला स्तरीय टीम ने संयुक्त रूप से ग्राम नवापारा में औचक छापेमारी की।
यह कार्रवाई 25 अप्रैल 2026 की रात करीब 11 बजे की गई, जिसमें अवैध उत्खनन में संलिप्त दो चैन माउंटेन मशीनों को जब्त किया गया। बताया जा रहा है कि टीम हसदेव नदी घाट का निरीक्षण कर रही थी, इसी दौरान अवैध रूप से रेत उत्खनन और डंपिंग का मामला सामने आया।

जैसे ही कार्रवाई की भनक उत्खनन में लगे लोगों को लगी, उन्होंने मशीनों को पास के एक ग्रामीण की बाड़ी में छुपाने की कोशिश की। हालांकि संयुक्त टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर छापामार कार्रवाई कर दोनों मशीनों को जब्त कर लिया।
जब्त की गई रेत को खनिज विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एसडीएम जांजगीर सुब्रत प्रधान ने बताया कि जिले में अवैध खनन पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
वहीं कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने स्पष्ट कहा कि अवैध रेत उत्खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन लगातार निगरानी रखते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगा।
यह कार्रवाई प्रशासन की सख्ती को दर्शाती है, जिससे अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
