किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश

Anp News Live Sakti कलेक्टर जयश्री जैन की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय योजनाओं, मैदानी गतिविधियों और निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, कृषक उन्नति योजना सहित अन्य विभागीय योजनाओं की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यालयीन कार्यों के साथ-साथ मैदानी स्तर पर भी सक्रियता से कार्य करने तथा सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता और समयबद्धता के साथ निर्वहन करने कहा।

रबी फसल के लिए समय पर उपलब्ध कराएं बीज

कलेक्टर श्रीमती जैन ने आगामी रबी फसल वर्ष 2026-27 की तैयारियों की जानकारी लेते हुए प्रमाणित और उच्च गुणवत्ता वाले बीजों की मांग का समय पर आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने मांग पत्र शीघ्र प्रेषित कर पर्याप्त मात्रा में बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा किसानों को समय पर बीज और अन्य आवश्यक कृषि आदान उपलब्ध कराने के लिए अग्रिम तैयारी करने कहा।

उन्होंने दलहन और तिलहन के क्षेत्रफल में विस्तार करने तथा धान के स्थान पर अन्य लाभकारी फसलों को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने पर भी जोर दिया। बैठक में एग्रीस्टैक में लंबित किसानों के पंजीयन को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए, ताकि पात्र किसानों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मुनादी, किसान चौपाल और ग्राम सभा से होगा प्रचार

कलेक्टर ने विभागीय योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने कहा। इसके लिए मुनादी, सोशल मीडिया, किसान चौपाल और ग्राम सभा जैसे माध्यमों का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि योजनाओं की जानकारी ग्रामीण स्तर तक पहुंचने से पात्र किसानों को समय पर लाभ मिल सकेगा।

कलेक्टर ने जिले में उच्च गुणवत्तायुक्त उर्वरक, बीज और कीटनाशकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने उर्वरक, बीज और कीटनाशक विक्रय करने वाली संस्थानों का नियमित निरीक्षण करने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने कहा।

उद्यानिकी योजनाओं के लक्ष्य समय पर पूरे करने के निर्देश

बैठक में उद्यानिकी विभाग की विभिन्न योजनाओं की भी समीक्षा की गई। इनमें समेकित उद्यानिकी विकास योजना, मसाला क्षेत्र विस्तार योजना, पॉलीहाउस एवं पॉलीकल्चर प्रोत्साहन योजना, नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल्स-पाम तथा एकीकृत बागवानी प्रोत्साहन योजनाएं शामिल रहीं।

कलेक्टर ने इन योजनाओं के निर्धारित वित्तीय और भौतिक लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए पात्र किसानों तक लाभ पहुंचाया जाए और सभी कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जाए।

कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन करने, मैदानी समस्याओं का समय पर निराकरण करने और कृषि क्षेत्र को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Post