छत्तीसगढ़ सर्व पिछड़ा वर्ग समाज में महिला प्रकोष्ठ का गठन, डॉ. शिल्पा देवांगन बनीं जिलाध्यक्ष

3 अक्टूबर के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर तैयारियों पर हुई चर्चा, सभी ब्लॉकों में जल्द होगा महिला प्रकोष्ठ का विस्तार

 

कोंडागांव, 4 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ सर्व पिछड़ा वर्ग समाज कोंडागांव द्वारा संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने की दिशा में महिला प्रकोष्ठ का गठन किया गया है। बैठक में सर्वसम्मति से डॉ. शिल्पा देवांगन को महिला प्रकोष्ठ का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके साथ ही महिला प्रकोष्ठ की कार्यकारिणी के अन्य प्रमुख पदाधिकारियों की भी घोषणा की गई।

 

बैठक के दौरान आगामी 3 अक्टूबर को आयोजित होने वाले विशाल प्रदर्शन की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। समाज के अधिकारों एवं विभिन्न लंबित मांगों को लेकर प्रस्तावित प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए रणनीति और रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया।

 

सभी ब्लॉकों में बनेगा महिला प्रकोष्ठ

 

समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि 3 अक्टूबर के प्रदर्शन से पहले कोंडागांव जिले के सभी ब्लॉकों में महिला प्रकोष्ठ का गठन पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके माध्यम से ब्लॉक स्तर पर महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।

 

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष डॉ. शिल्पा देवांगन ने नई जिम्मेदारी मिलने पर समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे महिलाओं को एकजुट करने के साथ ही पिछड़ा वर्ग समाज के हितों और अधिकारों की लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभाते हुए संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी।

 

बैठक में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं महिला सदस्यों की मौजूदगी रही।

Related Post