छुरिया। जनपद क्षेत्र के ग्राम पंचायत टीपनगढ़ में इंसानियत और जनसेवा की एक मार्मिक तस्वीर सामने आई, जहां जनपद अध्यक्ष संजय सिन्हा ने एक जरूरतमंद वृद्ध महिला की मदद कर समाज के सामने संवेदनशील नेतृत्व का उदाहरण प्रस्तुत किया।
गांव की वृद्ध महिला फुलेश्वरी बाई साहू बीते तीन महीनों से पेंशन न मिलने के कारण गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रही थीं। दो वक्त की रोटी के लिए भी संघर्ष कर रही इस महिला की हालत की जानकारी मिलते ही संजय सिन्हा बिना देर किए सीधे उनके घर पहुंचे।
वृद्धा के कच्चे घर और अभावों से घिरी जिंदगी को देखकर वे भावुक हो उठे। महिला ने बताया कि वह मात्र 7 किलो राशन और बंद पड़ी पेंशन के सहारे जीवन गुजारने को मजबूर हैं। घर में बिजली जैसी मूलभूत सुविधा भी नहीं है, जिससे उनकी परेशानियां और बढ़ गई हैं।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए संजय सिन्हा ने मौके पर ही संबंधित कार्यकर्ताओं को आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने के निर्देश दिए, ताकि शीघ्र ही बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया जा सके और पेंशन बहाली की प्रक्रिया तेज हो। साथ ही उन्होंने वृद्ध महिला को तत्काल आर्थिक सहायता देकर राहत पहुंचाई।
इस मानवीय पहल ने यह साबित कर दिया कि संजय सिन्हा सिर्फ पद तक सीमित नहीं, बल्कि जमीन से जुड़े जनप्रतिनिधि हैं, जो हर जरूरतमंद के साथ खड़े रहते हैं। ग्रामीणों ने उनकी इस संवेदनशीलता की खुलकर सराहना की और कहा कि ऐसे जनप्रतिनिधि ही वास्तव में समाज की उम्मीद होते हैं।
क्षेत्र में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि संजय सिन्हा हमेशा जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे रहते हैं और जमीनी स्तर पर समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करते हैं।
इस दौरान डोमन पटेल, मोनू गुप्ता, टीकम साहू, दरबार साहू, अशोक साहू और अमृत लाल साहू सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
