ग्राम पंचायत कनकी के पंचों और ग्रामीणों ने पंचायत सचिव लक्ष्मीनारायण सिंह राजपूत को पद से हटाने की मांग को लेकर कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों ने सचिव पर गंभीर आरोप लगाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों द्वारा कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि पंचायत सचिव अक्सर शराब के नशे में रहते हैं और नियमित रूप से कार्यालय नहीं आते। शिकायत में कहा गया है कि ग्राम सभा एवं पंचों की बैठकें समय पर आयोजित नहीं की जातीं तथा शासन के निर्देशों की भी अनदेखी की जाती है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि सचिव पिछले लगभग 10 वर्षों से एक ही पंचायत में पदस्थ हैं, जिसके कारण वे मनमानी तरीके से कार्य कर रहे हैं। पंचायत के रिकॉर्ड का उचित संधारण नहीं किया जाता और जानकारी मांगने पर भी संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाते।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र सहित अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए पैसे की मांग की जाती है। विरोध करने पर ग्रामीणों के साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। साथ ही पंचायत निधि के दुरुपयोग की शिकायत भी आवेदन में दर्ज की गई है।
पंचगण और ग्रामवासियों ने कलेक्टर से मांग की है कि सचिव लक्ष्मीनारायण सिंह राजपूत को तत्काल पद से हटाकर किसी अन्य योग्य सचिव की नियुक्ति की जाए, ताकि पंचायत का कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके।
इस संबंध में ग्राम पंचायत कनकी के पंचों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों के हस्ताक्षरयुक्त आवेदन जनदर्शन में प्रस्तुत किया गया है। अब ग्रामीणों की निगाहें जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
(नोट: यह समाचार ग्रामीणों द्वारा कलेक्टर जनदर्शन में प्रस्तुत शिकायत पत्र के आधार पर तैयार किया गया है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासनिक जांच एवं संबंधित पक्ष का पक्ष आना शेष है।)
