फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कोयला तस्करी का भंडाफोड़ घरघोड़ा पुलिस ने ट्रेलर चालक व साथी को किया गिरफ्तार, संगठित अपराध का मामला दर्ज

 

रायगढ़। मंगलवार को घरघोड़ा पुलिस ने अवैध कोयला परिवहन के एक बड़े और संगठित अपराध का खुलासा करते हुए फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कोयला तस्करी कर रहे ट्रेलर वाहन चालक और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। जांच में मामला संगठित अपराध का पाए जाने पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध चोरी एवं संगठित अपराध की धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की है।

मुखबिर की सूचना पर की गई त्वरित कार्रवाई

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू को मुखबिर से सूचना मिली कि ट्रेलर वाहन क्रमांक CG-10-R-2601 में सिसरिंगा, धरमजयगढ़ की ओर से अवैध कोयला लोड कर रायगढ़ ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हमराह स्टाफ एवं गवाहों के साथ धरमजयगढ़ रोड बाईपास तिराहा, घरघोड़ा में घेराबंदी की।

पुलिस को देखकर भागा वाहन, पीछा कर पकड़ा गया

मुखबिर के बताए अनुसार संदिग्ध ट्रेलर वाहन आते दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर चालक वाहन को घरघोड़ा शहर की ओर तेज गति से भगाने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और थाना घरघोड़ा के सामने लैलूंगा रोड पर घेराबंदी कर ट्रेलर को रोक लिया।

चालक और साथी से पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

ट्रेलर चालक की पहचान आदर्श महतो पिता गौरीशंकर महतो (उम्र 25 वर्ष), निवासी एस.ई.सी.एल. बरघाट कॉलोनी, थाना घरघोड़ा जिला रायगढ़ तथा उसके साथी अखिल लहरे पिता संतोष लहरे (उम्र 23 वर्ष), निवासी ग्राम गोडम थाना सारंगढ़, हाल मुकाम चक्रधरनगर रायगढ़ के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान दोनों के जवाब संदेहास्पद पाए गए।

फर्जी नंबर प्लेट और चोरी का कोयला बरामद

जांच में सामने आया कि ट्रेलर के मूल पंजीयन नंबर को काले रंग की पॉलिश से छिपाया गया था तथा इंजन और डाले पर कई स्थानों पर फर्जी पंजीयन नंबर CG-10-R-2601 के स्टीकर लगाए गए थे। ट्रेलर में लगभग 20 टन अवैध कोयला लोड पाया गया।

गवाहों के समक्ष पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि रायगढ़ के मिनी स्टेडियम के पास स्थित बाबा ट्रैवल्स के संचालक अमित अग्रवाल द्वारा योजनाबद्ध तरीके से फर्जी नंबर प्लेट के स्टीकर बनवाए गए थे। उसके निर्देश पर ट्रेलर वाहन क्रमांक CG-10-R-1927 में पहले से चोरी का कोयला लोड कर उसका असली नंबर हटाकर फर्जी नंबर लगाकर रायगढ़ लाया जा रहा था।

वाहन और कोयला जब्त, तीन आरोपियों पर मामला दर्ज

पुलिस ने ट्रेलर वाहन सहित लगभग 20 टन अवैध कोयला जब्त किया है। मामले में आरोपी आदर्श महतो उर्फ हैप्पी, अखिल लहरे एवं अमित अग्रवाल के विरुद्ध बीएनएस की धारा 303(2), 112(2), 61(2), 338, 336(3) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी आदर्श महतो उर्फ हैप्पी और अखिल लहरे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि फरार आरोपी अमित अग्रवाल सहित अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि अवैध कोयला तस्करी के इस नेटवर्क की कड़ियों को जोड़कर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Post