Anp News Live Bilaspur जिले के थाना मस्तूरी अंतर्गत चौकी मल्हार पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का महज 7 दिनों में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने बड़ी ही चालाकी से पानी पाउच लाने के बहाने पीड़ित की बाइक लेकर फरार हो गया था।
मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 20 अप्रैल 2026 को प्रार्थी भारत लाल केवट, निवासी ग्राम पकरिया (थाना मुलमुला, जांजगीर-चांपा) अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 BH 4552 से अपने ससुराल वेदपरसदा (मस्तूरी) आया हुआ था। वापसी के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने लिफ्ट मांगी, जिसे प्रार्थी ने बैठा लिया।
दोनों जब चौकी मल्हार क्षेत्र के ग्राम बुढ़ीखार पहुंचे, तो आरोपी ने बहाना बनाते हुए प्रार्थी को पानी पाउच लाने के लिए होटल भेज दिया। जैसे ही प्रार्थी दुकान की ओर गया, आरोपी मौका पाकर मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया।
घटना के बाद प्रार्थी ने काफी खोजबीन की, लेकिन बाइक का कोई पता नहीं चलने पर चौकी मल्हार में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें आरोपी की तस्वीर सामने आई।
इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग गांवों में फोटो दिखाकर पहचान कराई और मुखबिर की सूचना के आधार पर ग्राम गीधपुरी निवासी आरोपी नरोत्तम दास वैष्णव तक पहुंची। छापेमारी के दौरान आरोपी के घर से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई, जिसे कपड़े से ढककर छुपाया गया था।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसके खिलाफ विधिवत कानूनी कार्रवाई की गई।
इस पूरे मामले में उप निरीक्षक अवधेश सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज, आरक्षक किशन राय और श्यामलाल सोनवानी की अहम भूमिका रही।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अजनबियों को लिफ्ट देने से पहले सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते अपराध पर अंकुश लगाया जा सके।
