जांजगीर-चांपा जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नवागढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम रोगदा में जुआ खेल रहे 10 जुआरियों को पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम रोगदा में कुछ लोग अवैध रूप से जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर नवागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की, जहां 10 लोग ताश के पत्तों से जुआ खेलते पाए गए।
पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से 9000 रुपए नगद और ताश पत्ती बरामद की। आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत विधिवत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार जुआरियों में नकुल कश्यप, हरप्रसाद साहू, शरीफ मोहम्मद, अनीष कश्यप, चितरंजन सारवा, कलेश्वर वैष्णव, गौरी शंकर, तिरीथ राम सारवा, राम कुमार साहू और सियाराम साहू शामिल हैं, जो सभी ग्राम रोगदा के निवासी बताए जा रहे हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नवागढ़ निरीक्षक कमलेश सेंडे एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
